मध्य प्रदेश

समर्थन मूल्य पर गेहूं: खरीदी केंद्रों पर न तो बारदाना पहुंचा और न ही स्लाट बुक करने केंद्र प्रभारियों काे आईडी पासवर्ड दिए

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य 4 अप्रैल से शुरू करने के निर्देश हैं। लेकिन रायसेन जिले के जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते शुक्रवार शाम तक खरीदी केंद्रों पर कोई तैयारी नहीं की गई। न ही जिले के किसी भी खरीदी केंद्र में बारदाना, तौल कांटा, त्रिपाल, सिलाई मशीन, जांच मशीन उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों की उदासीनता के कारण इस बार पिछले साल की तुलना में मात्र 60 फीसदी लोगों ने पंजीयन कराया है। अब खरीदी में भी बदइंतजामी की जा रही है इस कारण पिछले साल की तुलना में कम खरीदी होना तय है।
रायसेन शहर के खरीदी केंद्र प्रभारी सीके पारे ने बताया कि उनके यहां 19 गांवों के किसानों की उपज की खरीदी की जाती है। फिलहाल सहकारिता कर्मचारियों सोसाइटी प्रबंधकों की हड़ताल चल रही है। लिहाजा अभी तक उनके पास खरीदी संबंधी कोई स्पष्ट दिशा निर्देश नहीं हैं। न ही कोई तैयारी है, केंद्र में बारदाना, त्रिपाल व अन्य सामग्री भी नहीं आई है। हां केंद्र में केवल आनाज की नमी मापने वाली मशीन उपलब्ध है। ठीक यही हाल शहर के रायसेन सोसायटी सहित खरबई बीदपुरा नकतरा बनखेड़ी नरवर साँचेत की खरीदी केंद्र का है। समिति प्रबंधक ज्योति नामदेव ,संतोष साहू, महेश लोधी नबलसिंह मेहरा ने बताया कि केंद्र में बारदाना और अन्य कोई सामग्री नहीं आई है।
किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए पहले स्लॉट बुक करना जरूरी होगा। गेहूं खरीदी के लिए बुधवार से स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कृषकों को उपार्जन की वेबसाइट पर स्लॉट बुक करना है। स्लॉट बुक करने के बाद एसएमएस के माध्यम से किसान को मोबाइल पर सूचना दी जाएगी। स्लॉट बुकिंग के लिए कृषक के ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल पर ओटीपी प्रेषित किया जाएगा, जिसे पोर्टल पर दर्ज करना होगा। लेकिन अभी तक आईडी पासवर्ड भी नहीं मिले हैं। जिससे स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं। सांची समिति प्रबंधक नरेश राजपूत सलामतपुर के कुंवर सिंह दांगी ने बताया कि आईडी पासवर्ड नहीं होने से स्लॉट बुकिंग नहीं हो पा रही है।
केंद्र प्रभारियों के पास स्पष्ट गाइडलाइन नहीं
रायसेन तहसील में दीवानगंज, माखनी आदि में केंद्र बनाए गए हैं। लेकिन अभी तक समिति प्रबंधकों के यहां कोई दिशा निर्देश ही नहीं आए, न ही कोई इंतजाम किए गए और न ही बारदाना अन्य सामग्री आई है। सीके पारे रायसेन सोसाइटी प्रबंधक, खरबई के रामलाल मीणा, राजेन्द्र उपाध्याय पैमत सोसाइटी के कैलाश गौर ने बताया कि न उनके पास कोई स्पष्ट गाइडलाइन है। स्लॉट भी बुक नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि गेहूं छानकर लिया जाना है, लेकिन अभी तक इसके लिए टेंडर ही नहीं आए हैं।
समिति प्रबंधकों ने बताया कि उन्हें आगामी 4 अप्रैल से गेंहू बखरीदी शुरू करने काे कहा गया है, लेकिन अभी कोई सामान नहीं मिला। यही हाल अन्य गेंहू खरीदी केंद्रो के भी हैं। लेकिन न तो कोई सामग्री आई, न ही कोई इंतजाम सही तरीके से किए गए।
दीवानगंज खरीदी केंद्र के प्रबंधक देवेंद्र मीणा के मुताबिक अभी तक न कोई निर्देश हैं, न बारदाना आया है। स्लॉट बुक करने के लिए आईडी पासवर्ड भी नहीं मिला है। देहगांव क्षेत्र के एलएन रघुवंशी मुड़ियाखेड़ा खरीदी केंद्र के प्रभारी रूप सिंह आदिवासी ने बताया कि उनके पास न तो कोई निर्देश आए हैं और न ही बारदाना या अन्य सामग्री उपलब्ध हुई है।
किसानों की जिंस केंद्र पर छनाई के लिए अभी तक नहीं हुए टेंडर….
किसानों की जिंस केंद्र पर छान कर ही ली जाएगी। छनाई के लिए पृथक से ठेका दिया जाना है। इसके लिए बाकायदा टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया के बाद ही छनाई का ठेका दिया जाएगा। लेकिन खरीदी की तिथि के एक दिन पहले तक छनाई ठेका के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी। छनाई के ठेका जब तक नहीं हो जाते तब तक खरीदी प्रक्रिया शुरू होना असंभव है। कुल मिलाकर जिम्मेदारों की उदासीनता और उपार्जन जैसे गंभीर मामले में लापरवाही सामने आ रही है। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा।
अप्रैल के पहले सप्ताह तक खरीदी संभव: जिला आपूर्ति अधिकारी
इस संबंध जिला आपूर्ति अधिकारी ज्योति जैन का कहना है कि अभी खेतों पर गेहूं की फसल खड़ी है। कटकर किसानों के घर नहीं आई है। इसलिए रायसेन जिले में अप्रैल माह के पहले बसप्ताह तक खरीदी संभवत: शुरू हो सकेगी। पर नॉन के महाप्रबंधक वीके रंगारे,फ़ूड अधिकारी ज्योति जैन शासन की गाइड लाइन के अनुसार केंद्रों पर बारदान पहुंचाने और छनाई के टेंडर नहीं होने के संबंध में जवाब नहीं दे सके।

Related Articles

Back to top button