विश्व क्षय दिवस पर रैली निकाली, बेहतर काम करने वाले हुए सम्मानित
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। विश्व क्षय दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार के निर्देशानुसार हेल्थ वैलनेस सेंटर पर टीबी मरीजों के सैंपल कलेक्शन एवं दवा वितरण की सुविधा शुरू की गई है। इसी तारतम्य में रायसेन व बरेली, ओबेदुल्लागंज मण्डीदीप जिले के सभी हेल्थ सेंटरों पर जनप्रतिनिधियों ने पोस्टर का अनावरण किया। रायसेन के एएनएम सेंटर पर सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सोमनदास, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ प्रीती बाला सोनकर जिला कॉर्डिनेटर डॉ आरती गंगवार अधिकारी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी जिला क्षय केन्द्र की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसमें सीएमएचओ डॉ खत्री, डॉ प्रीति बाला ने जनजागृति रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विषय पर आयोजित विभागीय निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों को एवं फरवरी माह 2022 में हुए सर्वे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ खत्री ने कहा कि टीबी मरीजों का इलाज अब आसान हुआ है। ऐसे में लोग बिना डरे जिला अस्पताल पहुंचकर अपना नि:शुल्क इलाज करवा सकते हैं।



