मध्य प्रदेश

परशुराम प्रकट उत्सव पर निकलेगा भव्य चल समारोह, विप्रजन पारंपरिक वेशभूषा में होंगे शामिल

रायसेन। ब्राह्मण समाज की बैठक अर्जुन नगर स्थित हरसिद्धि मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में समाज के संगठन को मजबूत करने और आगामी आयोजनों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल, शैलेन्द्र शर्मा, हरीश मिश्र, बद्री प्रसाद पाराशर, प्रकाश पाराशर, प्रवीण मिश्र और नन्हे लाल उपाध्याय को संरक्षक नियुक्त किया गया। वहीं अवधेश दीक्षित को अध्यक्ष और संतोष शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। उपस्थित विप्रजनों ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्प मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
ब्राह्मण समाज की बैठक में भगवान परशुराम प्रकट उत्सव को इस वर्ष विशेष रूप से भव्य और आकर्षक रूप देने का निर्णय लिया गया। इसके तहत शहर में एक विशाल चल समारोह निकाला जाएगा, जो हनुमान मंदिर गंजबाजार से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर रामपुर तक पहुंचेगा।
चल समारोह में आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयघोष के साथ निकाला जाएगा। आयोजन को सांस्कृतिक गरिमा देने के लिए सभी विप्रजनों से पारंपरिक भारतीय परिधान में शामिल होने की अपील की गई है, जिससे समाज की पहचान और विरासत का प्रभावी प्रदर्शन हो सके।
समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि एकता, संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रदर्शन होगा। युवाओं से भी आह्वान किया गया कि वे बढ़-चढ़कर भाग लें और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Related Articles

Back to top button