राकेश शर्मा को दूसरी बार मिली कमान, समर्थकों ने किया जोशीला अभिनंदन

संगठन में हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है: राकेश शर्मा
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी जिला रायसेन के अध्यक्ष पद पर दूसरी बार नियुक्त हुए राकेश शर्मा का भाजपा कार्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी की, फूल मालाओं से लादकर और पुष्प वर्षा करते हुए उनका अभिनंदन किया। कार्यालय में प्रवेश के साथ ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल छा गया।
स्वागत समारोह में जिले के वरिष्ठ नेताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने मंच की शोभा बढ़ाई। सबसे पहले मध्य प्रदेश शासन के स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और संगठन प्रभारी सुधीर अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्षों और मंचासीन अतिथियों का शाल और श्रीफल से सम्मान किया गया।
*-जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा का संबोधन*
नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा “यह सम्मान और जिम्मेदारी मुझे पार्टी और कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से मिली है। मैं सभी का आभारी हूं और वादा करता हूं कि पूरे समर्पण के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाऊंगा। भाजपा का हर कार्यकर्ता मेरे लिए परिवार के सदस्य की तरह है, और हम सब मिलकर ‘सबका साथ, सबका विकास’ के लक्ष्य को साकार करेंगे।”
राकेश शर्मा ने यह भी कहा कि संगठन में हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है, और यह टीम वर्क ही पार्टी को मजबूत बनाता है। उन्होंने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।
*-नेताओं की शुभकामनाएं*
स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि राकेश शर्मा जैसे सशक्त और जुझारू नेता को दोबारा अध्यक्ष बनाना पार्टी की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शर्मा अपने नेतृत्व में संगठन को नई दिशा देंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने कहा, कि “राकेश शर्मा के नेतृत्व में चारों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी का विस्तार होगा और संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
डॉ. प्रभुराम चौधरी और संगठन प्रभारी सुधीर अग्रवाल ने भी पार्टी की नीतियों और संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए शर्मा को शुभकामनाएं दीं।
*भव्य आभार आयोजन*
स्वागत आभार समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नरेंद्र सिंह कुशवाहा, सुरेंद्र तिवारी, जमना सेन, कन्हैयालाल शर्मा, और धीरेंद्र सिंह कुशवाहा जैसे गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश तोमर ने किया और अंत में नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमुना सेन ने सभी का आभार व्यक्त किया।
संगठन की मजबूती पर जोर
आभार समारोह में भाजपा संगठन को दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बताते हुए इसके सिद्धांतों और नीतियों पर चर्चा की गई। सभी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राकेश शर्मा के नेतृत्व में भाजपा जिले में और अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगी।