सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय सांदीपनि विद्यालय में रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने परिसर एवं कार्डशीट पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए जनहित एवं विकास कार्यों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
छात्राओं ने रंगोलियों के माध्यम से स्वच्छता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को दर्शाया। रंग-बिरंगे रंगों से तैयार की गई आकर्षक रंगोलियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सेवा, जनकल्याण, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव, विद्यालय के प्राचार्य बृजेश चौहान, शिक्षक दीपक कटारे सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों का अवलोकन किया तथा भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विचारों को सुना। विद्यार्थियों की कला, रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।



