मध्य प्रदेश

मानदेय भुगतान और अर्जित अवकाश प्रविष्टि की मांग को लेकर जनगणना कर्मियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के मकान गणना एवं मकान सूचीकरण कार्य में संलग्न फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर, प्रगणक एवं तकनीकी दल के कर्मचारियों ने गुरुवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी सिलवानी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने जनगणना कार्य का मानदेय शीघ्र भुगतान कराने तथा अर्जित अवकाश की सेवा पुस्तिका में प्रविष्टि सुनिश्चित कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के मकान सूचीकरण कार्य को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से संपादित किया गया, जिसमें रायसेन जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने में जनगणना कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके बावजूद अब तक किसी भी फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर, प्रगणक या तकनीकी दल के सदस्य को मानदेय राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि जनगणना आयोग द्वारा जुलाई माह में ही मानदेय की राशि जिला जनगणना कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई थी तथा 31 अगस्त 2026 तक भुगतान प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद सिलवानी चार्ज क्षेत्र के कर्मचारियों को भुगतान नहीं मिला, जबकि अन्य जिलों में अगस्त माह में ही मानदेय वितरित किया जा चुका है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जनगणना कार्य में संलग्न लोकसेवकों को 30 दिवस का अर्जित अवकाश प्रदान किए जाने के निर्देश जारी हुए थे, लेकिन संबंधित आदेश उपलब्ध नहीं होने से संकुल प्राचार्य सेवा पुस्तिका में अवकाश प्रविष्टि नहीं कर पा रहे हैं।
जनगणना कर्मियों ने तहसीलदार से मांग की कि सभी पात्र कर्मचारियों को शीघ्र मानदेय भुगतान कराया जाए तथा अर्जित अवकाश की प्रविष्टि के लिए आवश्यक आदेश समस्त संकुलों को जारी किए जाएं। इस दौरान कमलेश कुमार अहिरवार, अशोक कुमार शुक्ला, राघवेंद्र सिंह रघुवंशी, धर्मदास कुशवाहा, भरत सिंह कुर्मी
विजय बहादुर शाह, हरिनारायण गौर सहित बड़ी संख्या में फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर, प्रगणक एवं तकनीकी दल के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button