जंगल में नाबालिग आदिवासी युवती से दुष्कर्म, प्रेमी के साथ घूमने गई थी
दो आरोपी गिरफ्तार, डंपर चालक मुख्य आरोपी फरार
सिलवानी थाना क्षेत्र का मामला
सिलवानी । सिलवानी नगर के वार्ड 3 निवासी एक नाबालिग आदिवासी युवती अपने प्रेमी के साथ बाइक से वन देवी मन्दिर घूमने गई थी। लौटते समय जंगल में तीन युवकों ने दोनों को एक साथ देख लिया और दोनों को पकड़ लिया। तीन युवकों में से एक युवक ने दुष्कर्म किया और दो युवकों ने प्रेमी के साथ मारपीट कर पकड़े रखे जाने का सनसनी खेज मामला सामने आया है।
प्रात जानकारी के अनुसार शुक्रवार को नगर की एक नाबालिग आदिवासी युवती अपने प्रेमी के साथ सागर जिले में स्थित वन देवी मन्दिर दर्शन करने गई थी। दर्शन कर लौटते समय दोनों राजमार्ग 15 सागर सिलवानी पर सियरमऊ घाट के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर दोनों जंगल में जाकर बैठे हुए थे। डंपर चालक संजू ठाकुर निवासी लालघाटी सिलवानी ने बाइक खड़ी देख अपने दो दोस्तों को सिलवानी से बुला लिया और जंगल में जाकर युवती और उसके प्रेमी को एक साथ देख लिया। तीन युवकों ने पहले युवती के प्रेमी के साथ मारपीट की, वही डंपर चालक संजू ठाकुर नाबालिक आदिवासी युवती को घसीट कर जंगल में अंदर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और दोनों युवक, युवती के प्रेमी को पकड़े रहे। दुष्कर्म के बाद तीनों युवक घटना स्थल से प्रेमी की बाइक लेकर फरार हो गए। किसी तरह प्रेमी और युवती जंगल से मुख्य सड़क पर आए और वहां से निकल रहे पुलिस कर्मियों को आप बीती सुनाई।
पीड़िता की शिकायत पर सिलवानी पुलिस ने मामला की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीओपी अनिल मौर्य के मार्गदर्शन में टीआई जेपी त्रिपाठी ने मामला पंजीबद्ध कर तत्परता से कार्यवाही करते हुए घटना में शामिल दो युवकों को बाइक के साथ रात में ही गिरफ्तार कर लिया। घटना का मुख्य आरोपी संजू ठाकुर अभी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला पंजीबद्ध कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, मुख्य आरोपी संजू ठाकुर की तलाश की जा रही है।



