वन माफियाओ पर ताबड़तोड़ छापामार कार्यवाही, दस स्थानों से लाखों रु. की सागौन जब्त
सिलवानी | सोमवार की दोपहर में उप वन मंडल रायसेन, सिलवानी और राजस्व अमले ने पुलिस के साथ संयुक्त रूप से वन माफियाओं के घरों पर छापामार कार्रवाई की है। 7 घन मीटर सागौन जब्त की है। यह कार्रवाई सुबह प्रारंभ हुई थी, जो शाम तक चलती रही। इस कार्रवाई से वन माफियाओं में हड़कंप मच गया। जब्त सागौन, पटटिए और बने हुए फर्नीचरों को ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर वन परिक्षेत्र में पहुंचाया गया है।
जब्ती की यह कार्रवाई 6 वन माफियाओं के वारंट और दो फर्नीचर मार्ट दुकानों के साथ दस ठिकानों पर की गई है। जप्त इमारती की देर रात तक नापतौल चलती रही। जिससे जप्त वनोपज का आंकड़े नहीं मिल सके। वनोपज की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
यह कार्रवाई सीसीएफ भोपाल और रायसेन डीएफओ विजयकुमार के निर्देश पर की गई है। कार्रवाई करने के लिए डीएफओ विजय कुमार ने रायसेन से भी वन विभाग के बल को सिलवानी भेजा था। रायसेन और सिलवानी के वनकर्मियों ने पुलिस के साथ मिलकर वन माफियाओं के घर पर पहुंच कर कार्रवाई शुरु कर दी। इस कार्यवाही में वन माफियाओ में मच गया। क्षेत्र में लंबे अरसे बाद वन विभाग ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। क्षेत्र में लगातार वनोपज का अवैध रूप से चोरी कर फर्नीचर बनाने का कारोबार चलने की लगातार शिकायतें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से की जा रही थी।
सिलवानी उप वन मंडल अधिकारी इंदर सिंह ने बताया कि दस स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध रुप से संग्रह करके रखी गई सागौन लकड़ी और फर्नीचर को जब्त किया गया है।



