कलेक्टर द्वारा गैरतगंज तथा बेगमगंज में की गई पंचायत, राजस्व एवं नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा
कलेक्टर ने सेक्टरवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए 20 फरवरी तक पूर्ण करने के दिए आदेश
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे द्वारा गैरतगंज तथा बेगमगंज में बैठक आयोजित कर आमजन से सीधे जुड़े हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग एवं नगरीय प्रशासन विभाग की योजनाओं एवं गतिविधियों की विकासखण्डवार समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुगमता से पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर दुबे द्वारा सेक्टरवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए अधिकारियों को 20 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी के बाद पुनः समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर दुबे द्वारा बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत सीएम हेल्पलाईन, मनरेगा तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राजस्व विभाग के तहत सीएम हेल्पलाईन, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना, फसल गिरदावरी, राजस्व वसूली तथा अंकुल अभियान सहित अन्य राजस्व संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के तहत सीएम हेल्पलाईन, स्वच्छता सर्वेक्षण गतिविधियां, अंकुर अभियान सहित नगरीय निकायों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने सहकारी बैंक के तहत वसूली कार्य की भी विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा सहित एसडीएम, जनपद सीईओ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का देखा लाईव प्रसारण….
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल से जल जीवन मिशन में लाभान्वित ग्रामीण परिवारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संवाद कार्यक्रम का कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे तथा जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा द्वारा बेगमगंज जनपद सभाकक्ष में लाइव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



