स्लीमनाबाद पुलिस ने मैराथन दौड़ के जरिए युवाओं को दिया नशा मुक्ति का संदेश

छात्र छात्राओं ने उत्साह से लिया भाग, स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत स्लीमनाबाद पुलिस ने युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, पुलिस अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया ।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया । पूरे मार्ग में युवाओं का जोश और उत्साह देखने लायक था । कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को यह संदेश देना था कि स्वस्थ शरीर और उज्ज्वल भविष्य के लिए नशे से दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है ।
मैराथन में विलियम हैनरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, आदर्श इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा सीएम राइज स्कूल, स्लीमनाबाद के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया । विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ पूरी करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया । इस दौरान एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है ।
मैराथन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया । उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल गतिविधियों में भाग लेंगे तो समाज और राष्ट्र का भविष्य और अधिक मजबूत होगा । उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया ।
इस दौरान उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय, पुलिस अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे । सभी ने मिलकर नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया ।
स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि कटनी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान आगे भी विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों, रैलियों, खेल प्रतियोगिताओं और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके ।



