शिक्षक दीपक कटारे की बेटी सलोनी कटारे ने प्राप्त की डाक्टरेट की उपाधि

शिक्षा की विरासत को आगे बढ़ा रहीं सलोनी, शोध के क्षेत्र में हासिल की पीएचडी की उपाधि
तीसरी पीढ़ी ने बढ़ाया शिक्षा का कारवां, सलोनी को मिली पीएचडी की उपाधि
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के संचार एवं पत्रकारिता विभाग में आयोजित ओरल एग्जामिनेशन के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद दीपक कटारे की सुपुत्री सलोनी कटारे को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। सलोनी का शोध कार्य भारतीय हिंदी सिनेमा में लैंगिकता एवं जेंडर प्रतिनिधित्व के बदलते आख्यानों तथा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर उनके चित्रण पर केंद्रित रहा।
सलोनी के लिए यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पारिवारिक गौरव का भी विषय है। वह परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं, जो शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देने के लिए अग्रसर हैं। सलोनी अपने पिता दीपक कटारे को अपना आदर्श मानती हैं और उनके शैक्षणिक संस्कारों, विचारों एवं पदचिह्नों पर चलते हुए शिक्षा जगत में सार्थक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मौखिक परीक्षा में बाह्य परीक्षक के रूप में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय से पधारे प्रो. अतिश पराशर उपस्थित रहे। उन्होंने सलोनी के शोध कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के उत्थान और सकारात्मक परिवर्तन के लिए इस प्रकार के शोध अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि समाज को सलोनी जैसी लगनशील, कर्मठ और समर्पित शोधार्थियों की आवश्यकता है, जो अपने शोध के माध्यम से सामाजिक विमर्श को नई दिशा प्रदान कर सकें।
इस अवसर पर सलोनी की माता भावना कटारे एवं पिता दीपक कटारे भी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति और सहयोग की सराहना करते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. कालीनाथ झा ने कहा कि संतान की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, मार्गदर्शन और संस्कार सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
मौखिक परीक्षा के दौरान शोध निर्देशक डॉ. विवेक जैसवाल के साथ विभाग के प्राध्यापक अलीम अहमद खान भी उपस्थित रहे। लगभग आधे घंटे से अधिक चली प्रस्तुति में सलोनी ने अपने शोध कार्य की विषयवस्तु, शोध पद्धति, प्रमुख निष्कर्षों और उसकी सामाजिक प्रासंगिकता को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ओटीटी के बढ़ते प्रभाव के दौर में हिंदी सिनेमा में जेंडर और लैंगिकता के बदलते चित्रण का अध्ययन समकालीन समाज को समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
वर्तमान में सलोनी एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
सलोनी की इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं शिक्षाविदों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



