बाइक सवार तीन युवक पुल से नीचे गिरे मौके पर मौत
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। क्षेत्र में 7 महीने से टूटे पड़े पुल से बाइक सहित गिरने से तीन युवको की मौत हो जाने का दुखद दर्दनाक घटनाक्रम सामने आया है। घटना की जानकारी लगने पर पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने ट्वीट करके शोक संवेदना व्यक्त की है। शुक्रवार देर रात तेन्दूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर जबलपुर स्टेट हाईवे पर स्थित व्यारमा नदी के झलोन के समीप टूटे पड़े पुल से नीचे गिरने से बाइक सवार तीन युवको की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो जाने का दुखद घटनाक्रम सामने आया है। मृतको की पहचान सागर जिले के छिरारी रहली निवासी युवकों के रूप में हुई है जो दमोह जिले के समनापुर शादी में शामिल होने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतको की पहचान छिरारी निवासी अजय पिता दारा सिंह घोषी, अमित पिता दुर्गा कुर्मी, पवन पिता प्रकाश कर्मी तीनो की उम्र लगभग 21/22 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर तारादेही थाना क्षेत्र के समनापुर ग्राम में शादी समारोह में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात करीब 9 बजे छिरारी से निकले थे। लेकिन रात के अंधेरे में उनकी तेज रफ्तार बाइक बारिश में बहे पुल के नीचे जा गिरी और तीनों युवक की मौके पर मौत हो गई।
घटना की जानकारी लगने पर तेंदूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा तीनो के शवों को उठवाकर तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। वही मृतको की पतासाजी करके उनके परिजनों को सूचना दी गई। इधर शादी समारोह में इस हादसे की खबर लगते ही खुशियां मातम में बदलते देर नही लगी। इस दुखद घटनाक्रम की जानकारी लगने पर पूर्व मंत्री और रहली से वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव ने ट्वीट करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है।
उल्लेखनीय है कि सागर रहली तेंदूखेड़ा जबलपुर स्टेट हाईवे 15 पर झलोन गांव के समीप ब्यारमा नदी का झापन घाट पुल पिछले साल बारिश के तेज बहाव में बह गया था। तभी से क्षतिग्रस्त टूटे पड़े पुल के ऊपर से आवागमन बंद है। वही पिछले सात महीनों से झापन इमलिया झलोन होकर लंबा चक्कर लगाकर वाहनों की आवाजाही हो रही है। क्षतिग्रस्त टूटे पुल के दोनों किसी प्रकार के संकेतक और खतरे के निशान नहीं होने से अनजान लोग दिन के समय तो हादसे के शिकार होने से बच जाते है लेकिन रात के अंधेरे में ऐसा खतरनाक हादसा हो जाएगा यह किसी को उम्मीद नहीं थी। तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रावेन्द्र बागरी ने बताया कि सुबह पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।




