धार्मिक

सोशल मीडिया पर छेड़छाड़ से तंग युवती का फूटा गुस्सा, बाजार में चप्पलों से की आरोपी की पिटाई

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । स्लीमानाबाद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक युवती ने सोशल मीडिया पर छेड़छाड़ और फोटो एडिट कर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति की बीच बाजार चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी । इस घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है ।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, उमरियापान निवासी आरोपी शाकिर मंसूरी (42 वर्ष) पिछले काफी समय से युवती को सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने युवती को इंस्टाग्राम पर कई बार फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, लेकिन युवती लगातार उसे अस्वीकार करती रही। इसके बाद आरोपी ने युवती की प्रोफाइल से उसकी तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें एडिट किया और अपनी फोटो के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तरीके से पोस्ट कर दिया।
बाजार में आमना-सामना और पिटाई
गुरुवार को जब युवती स्लीमानाबाद बाजार पहुँची, तभी उसकी नजर आरोपी शाकिर मंसूरी पर पड़ गई। युवती ने उसे रोककर इस हरकत का विरोध जताया। बात बढ़ते ही युवती का गुस्सा फूट पड़ा और उसने सरेराह चप्पलों से आरोपी की पिटाई कर दी। बीच बाजार हुई इस घटना को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद युवती सीधे स्लीमानाबाद थाने पहुँची और शिकायत दर्ज कराई। स्लीमानाबाद थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी शाकिर मंसूरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए आपत्तिजनक कंटेंट की भी तकनीकी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मजदूरी का काम करता है और पीड़िता ने उस पर लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए परेशान करने का आरोप लगाया है।

Related Articles

Back to top button