देवरी पत्रकार संघ की अनूठी पहल: 15 अगस्त पर ईमानदार सेवाभावी अधिकारियों-कर्मचारियों का होगा सम्मान

रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । पत्रकार संघ की ओर से स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के पावन अवसर पर नगर परिषद में वर्तमान में सेवाएं दे रहे ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय ध्वज की उपस्थिति में सम्मान करने का निर्णय लिया गया है।
पत्रकार संघ ने नगर के सभी पत्रकार बंधुओं से विचार-विमर्श के बाद यह पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। संघ का उद्देश्य ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने पद पर रहते हुए ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन किया हो तथा अपने पद का दुरुपयोग न किया हो।
देवरी पत्रकार संघ की ओर से नगर के सभी जागरूक एवं सम्माननीय नागरिकों से अपील की जाती है कि यदि उनके संज्ञान में ऐसे अधिकारी, कर्मचारी अथवा जनप्रतिनिधि हैं, जो ईमानदारी से जनसेवा कर रहे हैं और भ्रष्टाचार एवं कमीशन जैसी गतिविधियों से दूर रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, तो उनके नाम एवं पद की जानकारी पत्रकार संघ के साथ साझा करें।
पत्रकार संघ का मानना है कि जो अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि हमारे नगर में रहकर जनता को अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उनके अच्छे कार्यों को समाज के सामने लाना और उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
इस सम्मान समारोह को सफल बनाने के लिए देवरी नगर की आम जनता से सहयोग एवं सहभागिता की अपील की जाती है।



