मध्य प्रदेश

सांसद प्रतिनिधि की पहल पर मुख्य मार्गों से हटेंगे साप्ताहिक बाजार

जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायतों को जारी किए निर्देश, ढीमरखेड़ा में भी कार्रवाई शुरू
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्गों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है । इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि बड़वारा विधानसभा पद्मेश गौतम द्वारा जिला पंचायत को पत्र लिखकर मुख्य सड़कों पर लगने वाले बाजारों से यातायात बाधित होने एवं दुर्घटना की आशंका का मुद्दा उठाया गया था।
सांसद प्रतिनिधि के पत्र के आधार पर जिला पंचायत कटनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने 15 मई 2026 को जिले की समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किए। जारी आदेश में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्गों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को अन्य उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी जिला पंचायत कार्यालय को भेजी जाए ।
इसी क्रम में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 20 मई 2026 को क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम पंचायतों में यदि साप्ताहिक बाजार मुख्य मार्गों पर लग रहे हैं तो उन्हें अन्यत्र स्थानांतरित कराया जाए। साथ ही संबंधित कार्रवाई से जनपद पंचायत कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्य सड़कों पर लगने वाले बाजारों के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होता है। बाजारों को व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने से आवागमन सुगम होगा तथा दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

Related Articles

Back to top button