उमरियापान तहसील भवन की अनदेखी, ज़रुरी सुविधाओं के लिए कर्मचारी परेशान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । तहसील कार्यालय उमरियापान का भवन लंबे समय से मरम्मत और आवश्यक रखरखाव की राह देख रहा है । भवन की स्थिति को देखते हुए जगह-जगह सुधार कार्य की जरूरत महसूस हो रही है । खास तौर पर महिला पटवारियों और कर्मचारियों के लिए बाथरूम की पर्याप्त एवं उपयोग योग्य सुविधा नहीं होने से परेशानी की स्थिति बनी हुई है।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व उमरियापान दौरे पर पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने तहसील कार्यालय भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए मेंटेनेंस के लिए एसडीएम को एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देश के बाद अब भवन की मरम्मत को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार है।
*महिला कर्मचारियों को हो रही परेशानी*
तहसील कार्यालय में महिला पटवारियों एवं अन्य महिला कर्मचारियों के लिए बाथरूम की समुचित व्यवस्था नहीं है । पूर्व में बनाया गया बाथरूम भी वर्तमान में जर्जर और खंडहरनुमा स्थिति में पहुंच चुका है । ऐसे में महिला कर्मचारियों को कार्यालयीन समय में आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है ।
तहसील कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम नागरिक राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं । ऐसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय में कर्मचारियों के साथ आम लोगों के लिए भी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना जरूरी है।
*भवन के व्यापक रखरखाव की जरूरत*
तहसील भवन के विभिन्न हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की आवश्यकता बताई जा रही है । भवन की छत, दीवारों, फर्श, खिड़की-दरवाजों, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य हिस्सों का तकनीकी निरीक्षण कराकर आवश्यक सुधार कार्य कराया जाना जरूरी है।
*कलेक्टर के निर्देश पर अब कार्रवाई की उम्मीद*
कलेक्टर द्वारा एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए जाने के बाद तहसील भवन की समस्याओं के निराकरण की उम्मीद जगी है। अब स्थानीय स्तर पर एस्टीमेट तैयार कर उसे स्वीकृति की प्रक्रिया तक पहुंचाने की जरूरत है, ताकि लंबे समय से चली आ रही भवन संबंधी समस्याओं का समाधान हो सके ।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तहसील कार्यालय क्षेत्र का प्रमुख प्रशासनिक केंद्र है। इसलिए यहां कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ भवन की सुरक्षा, साफ-सफाई और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विशेषकर महिला कर्मचारियों के लिए उपयोग योग्य बाथरूम की व्यवस्था को प्राथमिकता से पूरा करने की आवश्यकता है।



