सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला आयोजित

सिलवानी। भारतीय जनता पार्टी मंडल सिलवानी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर कार्यशाला एवं तैयारी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले 13 विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर जनसेवा के कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ताओं को सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ अभियान को सफल बनाना चाहिए।
बैठक में अभियान के दौरान आयोजित किए जाने वाले सेवा कार्यों, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर व्यापक तैयारियों का आह्वान किया गया।
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू भाजपा मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ भाजपा नेता कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



