अग्नि दुर्घटना के घायलों को देखने इंदौर पहुँचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

इंदौर। महाकाल मंदिर में सोमवार की सुबह हुई अग्नि दुर्घटना में घायलों के इलाज में मध्य प्रदेश शासन द्वारा तत्परता बरती जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अग्नि दुर्घटना में 8 घायलों को इंदौर के अरविंदो हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह भोपाल से इंदौर पहुँचे और सीधे अरविंदो हास्पिटल जाकर घायलों से मुलाक़ात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी घायलों को भरोसा दिलाया कि उनका बेहतर से बेहतर उपचार होगा। उन्होंने घटना की परिस्थितियों की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के भ्रमण के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव इसके बाद उज्जैन के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि महाकाल मंदिर दुर्घटना में घायल हुए प्रतिव्यक्ति को एक लाख रुपए सहायता राशि प्रदान की जाएगी।