मध्य प्रदेशराजनीति

बड़वारा और ढीमरखेड़ा में रोजगार एवं स्वरोजगार मेले की मांग

विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कलेक्टर को लिखा पत्र
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। विधानसभा क्षेत्र 91 बड़वारा के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने क्षेत्र के शिक्षित एवं कुशल युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की है । विधायक ने बड़वारा एवं ढीमरखेड़ा जनपद क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार मेले आयोजित कराने 9 सितंबर को कलेक्टर आशीष तिवारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है ।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि जनपद पंचायत बड़वारा एवं ढीमरखेड़ा क्षेत्र में बड़ी संख्या में शिक्षित युवक-युवतियां विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यताएं रखने के बावजूद रोजगार के उपयुक्त अवसरों की तलाश कर रहे हैं । स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों की जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण युवाओं को रोजगार के लिए अन्य स्थानों की ओर रुख करना पड़ता है । ऐसे में क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन युवाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकता है ।
उन्होंने कहा कि युवा समागम के अंतर्गत रोजगार एवं स्वरोजगार मेले आयोजित किए जाने से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों, निजी संस्थाओं, रोजगार प्रदाता कंपनियों तथा स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सकेगी । साथ ही युवाओं को उनकी योग्यता, रुचि एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकेगा ।
मेले में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, ऋण सुविधाओं एवं अन्य सहायता योजनाओं की जानकारी भी युवाओं को उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे युवा नौकरी की तलाश के साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी प्रेरित होंगे ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि बड़वारा एवं ढीमरखेड़ा जनपद क्षेत्रों में शीघ्र रोजगार एवं स्वरोजगार मेले आयोजित कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं । उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button