मध्य प्रदेश

पचपेड़ी में सड़क से उतरा पाउडर लोड ट्राला,पक्के मकान से टकराया

शोल्डर में धंसने से पलटने से बचा वाहन, घर की दीवार क्षतिग्रस्त; ग्रामीणों ने सड़क सुधार की उठाई मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  उमरियापान सिहोरा मार्ग पर ग्राम पचपेढ़ी में गुरुवार की रात करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा होते होते टल गया ।  राजस्थान से पाउडर लोड कर शहडोल अमलाई की ओर जा रहा ट्राला क्रॉसिंग के दौरान सड़क से नीचे उतर गया और कमजोर शोल्डर में बुरी तरह धंस गया।  इसके बाद ट्राला पास स्थित जित्तू झारिया के पक्के मकान की दीवार से जा टिका। हादसे में मकान को नुकसान पहुंचा है।
बताया गया कि सड़क से उतरते ही ट्राला शोल्डर में इस कदर धंस गया कि उसके पलटने का खतरा पैदा हो गया ।  हालांकि, मकान की दीवार से टिक जाने के कारण वाहन पलटने से बच गया । अचानक हुई घटना से जित्तू झारिया और उनके परिजन घबरा गए और तत्काल घर से बाहर निकल आए ।
*कई जगह गायब है सड़क का शोल्डर*
ग्रामीणों के अनुसार पचपेढ़ी क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर कई स्थानों पर शोल्डर पूरी तरह गायब हो चुका है ।  जहां शोल्डर मौजूद है, वहां भी कई जगह मिट्टी और कच्ची सतह होने के कारण भारी वाहन आसानी से उसमें धंस जाते हैं ।  इसके चलते पहले भी कई वाहन सड़क किनारे फंस चुके हैं ।
ग्रामीणों का कहना है कि उमरियापान-सिहोरा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है । ऐसे में सड़क के शोल्डर की स्थिति जल्द सुधारी जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति निर्मित न हो ।  लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क और शोल्डर की मरम्मत कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button