आचार्य श्री विद्यासागर जी का संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक प्रेरणा से भरपूर -ब्रह्माकुमारी मोहिनी बहन

सिलवानी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवाकेंद्र सिलवानी में आचार्य विद्यासागर जी महाराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सेवाकेन्द्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी मोहिनी बहन ने बताया, कि भारतवर्ष की पावन धरती ने निरंतर ऐसी महान विभूतियों को जन्म दिया है, जिन्होंने लोगों को सही दिशा दिखाने के साथ-साथ समाज को भी बेहतर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संतों और समाज सुधार की इसी महान परंपरा में संत आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज जी का प्रमुख स्थान है। उन्होंने वर्तमान के साथ ही भविष्य के लिए भी एक नई राह दिखाई है। उनका संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक प्रेरणा से भरा रहा। उनके जीवन का हर अध्याय, अद्भुत ज्ञान, असीम करुणा और मानवता के उत्थान के लिए अटूट प्रतिबद्धता से सुशोभित है। संत श्री विद्यासागर जी कहते थे, कि ‘लोकनीति लोभसंग्रह नहीं, बल्कि लोकसंग्रह है।’ इसलिए नीतियों का निर्माण निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि लोगों के अधिक से अधिक कल्याण के लिए होना चाहिए। हमें सभी धर्मों का सम्मान करना है साथ ही निजी स्वार्थ को छोड़ सर्व जन कल्याण की भावना हर व्यक्ति का लक्ष्य होना चाहिए।
इस अवसर पर संस्था में उपस्थित सभी भाई बहनों ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और ओम ध्वनि का उच्चारण किया।