मध्य प्रदेश

कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से मचा हड़कंप, तेजगढ़ सचिव को लगाई फटकार;

आरआई को निलंबित करने के निर्देश
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने शुक्रवार को तेजगढ़ और पतलौनी क्षेत्र में अचानक पहुंचकर पंचायत एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही और रिकॉर्ड अधूरे मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सबसे पहले कलेक्टर ने पतलौनी ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने तेजगढ़ सचिव और सहायक सचिव को जमकर फटकार लगाई तथा कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। वहीं, रिकॉर्ड अधूरे पाए जाने और लापरवाही सामने आने पर तेजगढ़ के राजस्व निरीक्षक (आरआई) को निलंबित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने पंचायत की अव्यवस्थाओं और कार्यों में लापरवाही की शिकायतें रखीं। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद कलेक्टर तेजगढ़ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों से बातचीत की और अपने हाथों से उन्हें केले वितरित किए। कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।
अचानक हुए इस निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में हलचल देखने को मिली। कलेक्टर की सख्ती से स्पष्ट संदेश मिला कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button