कुएं में जा गिरी कार, पिता पुत्र की मौत, दो बच्चे घायल
खाचरोद क्षेत्र की घटना
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
उज्जैन। शुक्रवार को एमपी के उज्जैन जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। खाचरोद में कार रिवर्स लेते समय अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार मालिक पवन तीन बच्चों के साथ कहीं जा रहे थे, रिवर्स करते समय पीछे बिना मुंडेर के कुएं का उन्हें ध्यान नहीं रहा और कार 25 फीट गहरे कुएं में गिर गई। कार गिरने की आवाज सुनकर लोग वहां एकत्रित हो गए और सभी को खाट और रस्सी के सहारे से बाहर निकाला। चारों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पवन और उनके 3 वर्षीय बेटे को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रतलाम रेफर कर दिया। बता दें कि खाचरौद से रतलाम पास में है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है।



