त्रिलोकपुरी में लगा विशाल निशुल्क स्वास्थ्य एवं कानूनी परामर्श शिविर; 70 से अधिक महिलाओं को मिला लाभ

नई दिल्ली । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के युवा नेता अभिषेक तोमर द्वारा आज पूर्वी दिल्ली की त्रिलोकपुरी विधानसभा (6 नंबर ब्लॉक) में निशुल्क ‘महिला स्वास्थ्य एवं कानूनी जागरूकता शिविर’ (Her Health First) का सफल आयोजन किया गया। सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र की लगभग 60 से 70 महिलाओं ने भाग लेकर निशुल्क मेडिकल व लीगल कंसल्टेशन का लाभ उठाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रभारी लक्ष्मण रावत मौजूद रहे। इसके अलावा करावल नगर जिला प्रभारी श्री बाल किशन बाली, त्रिलोकपुरी विधानसभा के वरिष्ठ नेता राजकुमार मारोठिया तथा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग अध्यक्ष श्री राजीव वर्मा सहित कई दिग्गज क्षेत्रीय नेताओं ने शिरकत की।
वरिष्ठ डॉक्टरों और वकीलों ने दी निशुल्क सेवाएं
शिविर में प्रसिद्ध महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या देशवाल और डॉ. भामिनी ने शिविर में आई महिलाओं की दैनिक दिनचर्या को समझा और आधुनिक जीवन शैली के कारण महिलाओं में बढ़ रही हार्मोनल समस्याओं (Hormonal Issues) पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए निशुल्क परामर्श दिया।
वहीं, दूसरी ओर कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिवक्ता अमित नायर, अधिवक्ता कनिका जैतली तथा अधिवक्ता अभिषेक तोमर की लीगल टीम ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू सुरक्षा और कानूनी सहायता से जुड़े विषयों पर निशुल्क कानूनी सलाह प्रदान की।
आशिरा फाउंडेशन का संकल्प: ‘नारी कवच’ पहुंचेगा जन-जन तक
शिविर के दौरान सामाजिक संस्था आशिरा फाउंडेशन (Ashira Foundation) ने अपने विशेष ‘नारी कवच’ कॉन्सेप्ट को ज़मीन तक उतारने और हर महिला तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के स्तर पर पूरी तरह से सशक्त बनाना है।
दिग्गज नेताओं ने की सराहना
कार्यक्रम में पहुंचे दिग्गज नेताओं ने श्री अभिषेक तोमर की इस पहल की बहुत प्रशंसा की। नेताओं ने कहा कि अभिषेक तोमर कांग्रेस परिवार के एक समर्पित सदस्य होने के साथ-साथ हमारे छोटे भाई की तरह हैं, जो हमेशा जनसेवा के कार्यों में अग्रसर रहते हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य आयोजक और युवा नेता अभिषेक तोमर ने बताया पूरी दिल्ली में 70 से अधिक कैंप लगेंगे।



