कृषिक्राइममध्य प्रदेश

हार्वेस्टर से धान और गेहूं की कटाई पर लगी पाबंदी हटाने की मांग,

पूर्व विधायक ने कलेक्टर को सौंपा पत्र
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले में धान की कटाई का सीजन शुरू होने के बीच हार्वेस्टर से फसल कटाई पर लागू प्रतिबंध और स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) की अनिवार्यता को लेकर किसानों की परेशानी का मुद्दा उठने लगा है । इसी संबंध में बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयराघवेंद्र सिंह ने कलेक्टर कटनी को पत्र लिखकर धान एवं गेहूं की फसल की कटाई पूर्व की तरह हार्वेस्टर से कराने की छूट देने की मांग की है ।
पूर्व विधायक ने 4 नवंबर 2026 को कलेक्टर के नाम जारी पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान समय में जिले के अधिकांश क्षेत्रों में धान की फसल पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी है । ऐसे समय में हार्वेस्टर से धान एवं गेहूं की कटाई के लिए स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) अनिवार्य किए जाने से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है ।
उन्होंने पत्र में बताया कि एसएमएस युक्त हार्वेस्टर से कटाई कराने पर किसानों को लगभग 3500 रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है । पहले से ही खेती की लागत और अन्य खर्चों से जूझ रहे किसानों के लिए यह अतिरिक्त राशि परेशानी का कारण बन रही है । इससे जिले के अन्नदाता किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
पूर्व विधायक ने कलेक्टर से किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए हार्वेस्टर से धान एवं गेहूं की कटाई पर पूर्व की तरह छूट प्रदान करने का आग्रह किया है, ताकि किसानों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिल सके और समय पर फसल की कटाई हो सके ।

Related Articles

Back to top button