मध्य प्रदेश

थ्रेसर मशीन में फंसी साड़ी, महिला की मौत

खेत में गेहूं निकालते समय हुआ हादसा
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
बीना। सागर जिले के भानगढ़ थाना क्षेत्र के पालीखेड़ा गांव में खेत में चल रही थ्रेसर मशीन में साड़ी फंसने से एक महिला इसकी चपेट में आ गई। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्वती पति सुमरन यादव 50 निवासी पालीखेड़ा जो अपने गांव के पास ही अपने खेत में काम कर रही थी। खेत में थ्रेसर मशीन पर गेहूं निकासी का कार्य किया जा रहा था। महिला गेहूं निकालने में सहयोग कर रही थी कि महिला की साड़ी का पल्लू थ्रेसर मशीन में फंस गया। इससे महिला भी उसकी चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। ड्राइवर ने तत्काल ट्रैक्टर को रोका और महिला के शव को निकाला। इसके बाद महिला को तत्काल बीना सिविल अस्पताल लाया गया। जांच के बाद डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। भानगढ़ पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही कर शव का सिविल अस्पताल में ही पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button