मध्य प्रदेश

बदहाल सड़क पर अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

15 दिन में सड़क और नालियों की मरम्मत नहीं हुई तो बढ़ेगा जनआक्रोश
बेगमगंज। सागर-भोपाल मुख्य मार्ग की बदहाली अब आम लोगों के साथ-साथ अधिवक्ताओं के लिए भी बड़ा मुद्दा बन गई है। सड़क पर जगह-जगह उखड़ी डामर की परत और गहरे गड्ढों ने आवागमन को जोखिम भरा बना दिया है। आए दिन हादसों का खतरा बना रहने से नाराज अधिवक्ता संघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष संतोष बुंदेला के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार प्रमोद उइके को सौंपा। ज्ञापन में सागर-भोपाल मार्ग के करीब 3 किलोमीटर हिस्से और सड़क किनारे बनी नालियों की तत्काल मरम्मत की मांग की गई।
अधिवक्ताओं का कहना है कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। गहरे गड्ढे स्टूडेंट्स और आम नागरिकों के लिए हादसों का सबब बने हुए हैं, वहीं नालियां भी जगह-जगह टूटकर अपनी हालत बयां कर रही हैं। बारिश के दौरान स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।
पिछले साल भी दिया था ज्ञापन, फिर भी नहीं जागा प्रशासन
अधिवक्ता संघ ने बताया कि 2 दिसंबर 2025 को भी नागरिकों की परेशानी को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था। उस समय सड़क की मरम्मत का भरोसा दिलाया गया, लेकिन लंबे समय बाद भी जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। नतीजा यह है कि जिस सड़क की मरम्मत की मांग पहले की गई थी, वह अब और ज्यादा बदहाल हो चुकी है।
अधिवक्ताओं ने साफ कहा कि सड़क की दुर्दशा के कारण विद्यार्थियों और आम नागरिकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। अब केवल आश्वासन नहीं, सड़क पर काम चाहिए।
अधिवक्ता संघ ने प्रशासन को 15 दिन की समय-सीमा देते हुए सड़क और नालियों की मरम्मत कराने की मांग की है। समय सीमा में काम शुरू नहीं होने पर आगे आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
ज्ञापन देने वालों में संतोष बुंदेला, अमोद शर्मा, राजेश यादव, विनय सिंह ठाकुर, गजेंद्र सिंह ठाकुर, आरएन रावत, एसएन रावत, सुनील शर्मा, रवि रावत, शैलेष जैन सहित दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button