अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सिविल अस्पताल सिलवानी में हुआ एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम

सिलवानी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को सिविल अस्पताल सिलवानी में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान 20 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी हर्षल चौधरी ने उपस्थित पालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर आर एस पटेल, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र कुशवाहा, संदीपनी स्कूल के प्राचार्य एनपी शिल्पी, बालिका छात्रावास सिलवानी की अधीक्षिका सहित स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई और जागरूकता का संदेश दिया गया।



