मध्य प्रदेश

विद्यार्थियों को जैव उर्वरकों एवं फसल रोग नियंत्रण का दिया तकनीकी प्रशिक्षण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत शासकीय आरके गौतम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरवारी में जैविक खेती का तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किया गया ।
विद्यालय के प्राचार्य संघ रत्न भलावे के मार्गदर्शन में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को जैविक खेती की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी । प्रशिक्षण के दौरान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए जीरो बजट फार्मिंग के अंतर्गत जैव उर्वरकों एवं जीवाणु कल्चर के उपयोग की विधियां समझाई गईं ।
विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने बताया कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा फसलों को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराने में राइजोबियम, एजोटोबैक्टर और एजोस्पिरिलम जैसे जैव उर्वरक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । दलहनी फसलों में राइजोबियम तथा गैर दलहनी फसलों में एजोटोबैक्टर, एजोस्पिरिलम एवं नील हरित शैवाल का उपयोग मिट्टी में वायुमंडलीय नाइट्रोजन का स्थिरीकरण करने में सहायक होता है ।
इसके साथ ही फसलों में फास्फोरस की उपलब्धता बढ़ाने के लिए फास्फेट घोलक जैव उर्वरक तथा फास्फोरस अवशोषण में सहायक माइकोराइजा के उपयोग की जानकारी दी गई । विद्यार्थियों को बीज उपचार, भूमि उपचार, जड़ एवं कंद उपचार तथा नर्सरी उपचार की तकनीकी विधियों का प्रशिक्षण भी दिया गया ।

प्रशिक्षण के दौरान फसलों में लगने वाले उगरा, जड़ सड़न, पौध गलन एवं कंडवा जैसे रोगों की रोकथाम के लिए जैविक फफूंदनाशक ट्राइकोडर्मा विरिडी के उपयोग की जानकारी दी गई । विद्यार्थियों को बताया गया कि जैविक आदानों के समुचित उपयोग से खेती की लागत कम करने के साथ मिट्टी की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता को भी बेहतर बनाया जा सकता है ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षक महेंद्र दोहरे ने सहयोग प्रदान किया ।

Related Articles

Back to top button