शासकीय प्राथमिक शाला महगवां में हर्षोल्लास से मनाया बाल दिवस

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जनशिक्षा केंद्र भुड़सा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला महगवां में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई । इस अवसर पर आनंदमय बालसभा एवं बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, उनके आदर्शों और बच्चों के प्रति उनके स्नेहभाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं । साथ ही उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया ।
वहीं नमामि जननि सुकर्म यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत बेटियों का सम्मान कर उनके महत्व और समाज में उनकी भूमिका का संदेश दिया गया । कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए तथा मीठा प्रसाद बांटकर बाल दिवस की खुशियां साझा की गईं ।
इस अवसर पर शाला प्रभारी होशियार सिंह सिरसों, आचार्य राजा भैया सोनी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष वीरभान सिंह, राजकुमारी विश्वकर्मा सहित अनेक पालकों की उपस्थिति रही । सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सराहना की ।



