ई-अटेंडेंस बनी शिक्षकों की मुसीबत, ऐप में एरर से परेशान हुए शिक्षक
अटेंडेंस लगाने के दौरान आई तकनीकी समस्या
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
सिलवानी । प्रदेश के शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए लागू की गई ई-अटेंडेंस व्यवस्था अब उनके लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। शनिवार को जिले भर में शिक्षक उस समय परेशान हो गए, जब सुबह सफलतापूर्वक अटेंडेंस दर्ज करने के बाद शाम को उपस्थिति लगाने के लिए एप खोला तो उसमें तकनीकी त्रुटि (एरर) आने लगी। काफी प्रयासों के बावजूद शिक्षक अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर सके। इस अव्यवस्था को लेकर शिक्षकों में नाराजगी देखी गई। कई शिक्षक शाम 5 से 6 बजे तक स्कूलों के बाहर खड़े रहे।
शिक्षकों का कहना है कि विभाग ने ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य तो कर दी है, लेकिन एप को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जरूरी तकनीकी व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जा रही है। आए दिन एप में तकनीकी समस्या आने से शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शनिवार को भी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शिक्षक काफी देर तक मोबाइल पर अटेंडेंस लगाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। एप्प के टेक्निकल सपोर्ट टीम (मोबाइल नंबर) तकनीकी सहायता के लिए सोमवार से शुक्रवार (सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक) DPI पोर्टल पर जारी इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
DPI Portal शुभम सेन (टेक टीम): 7974467333, विजय सिंह (टेक टीम): 9039436488 आनंद मिश्रा (टेक टीम): 8319129439 पर इन नंबरों में किसी ने फोन रिसीव करना उचित नहीं समझा। और ना ही पूर्व से शिक्षकों को एप्प में तकनीकी खराबी की सूचना दी गई। देर शाम यह अवगत कराया गया कि सभी की उपस्थिति मान्य होगी।
शिक्षको का कहना है कि ई-अटेंडेंस की व्यवस्था शिक्षकों के लिए मानसिक प्रताड़ना साबित हो रही है। आए दिन एप में तकनीकी समस्या आती है और शिक्षक अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए परेशान होते हैं। विभाग जब इस व्यवस्था को व्यवस्थित ढंग से संचालित नहीं कर पा रहा है तो इसे बंद कर देना चाहिए। कम से कम ऐसी व्यवस्था तो होनी चाहिए, जिसमें तकनीकी खामी के कारण किसी शिक्षक का वेतन प्रभावित न हो।
अतिथि शिक्षकों को वेतन कटने की चिंता
इस तकनीकी समस्या ने सबसे ज्यादा अतिथि शिक्षकों की चिंता बढ़ा दी है। उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर वेतन कटने का डर बना रहता है। शिक्षकों का कहना है कि एपकी तकनीकी खामी का खामियाजा उन्हें नहीं भुगतना चाहिए। यदि नेटवर्क या सर्वर की समस्या के कारण अटेंडेंस दर्ज नहीं हो पाती है तो इसके लिए शिक्षकों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।




