नयागांव मंदिर की मूर्तियों के गहने चोरी, बेखौफ चोरः एक गिरोह पकड़ाया दूसरा दे रहा चुनौती

रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली । रायसेन जिले के बरेली थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। एक ओर चोरियां पकड़ी भी जा रही है वहीं दूसरी ओर चोरों के हौसलों में भी कमी नहीं आ रही। लगातार चोरियां हो रही हैं। अब बरेली के निकट ग्राम नयागांव खुर्द के एक मंदिर से मूर्तियों के गहने चोरी होने की घटना सामने आई है। इसके अलावा बाइक चोरियों का सिलसिला भी जारी है। हर एक दो दिन में बाइक चोरी की घटना सामने आती हैं। अधिकांश घटनाओ में प्राथमिकी दर्ज ही नहीं होती।
नयागांव खुर्द के श्री रामजानकी मंदिर के पुजारी राजकिशोर द्विवेदी ने बताया कि रात्रि 8 बजे पूजन आरती के बाद मंदिर के दरबाजे में ताले डालकर अपने घर आ गया था। अगले दिन सुबह 6 बजे मंदिर आकर देखा तो एक ताला दरवाजे के सामने पड़ा था तथा दूसरा ताला दरबाजे के कुंदे में फंसा था। मंदिर के अंदर जाकर देखा तो भगवान के 800 ग्राम चांदी के मुकुट, देवी सीता की आधा तोला सोने की नथ और चढ़ोतरी की चिल्लर गायब थी। चोरी की घटना की बरेली थाने में लिखित सूचना दी है।



