मध्य प्रदेश

उमरियापान में यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे, झंडा चौक पर रोज लग रहा जाम

झंडा चौक पर अव्यवस्थित वाहन और दुकानों से बढ़ी परेशानी, जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर अमल नहीं होने से नाराजगी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  नगर के हृदय स्थल झंडा चौक पर इन दिनों अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण आमजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।  झंडा चौक के आसपास सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन और स्तंभ के आजू-बाजू लगने वाली दुकानों के कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है ।  व्यस्त समय में राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में काफी दिक्कत होती है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि झंडा चौक उमरियापान नगर का प्रमुख और सबसे व्यस्त स्थान है। यहां यातायात को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पुलिसकर्मी की तैनाती की आवश्यकता है। ग्राम पंचायत सरपंच अटल व्यौहार द्वारा भी थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल से कई बार शाम के समय झंडा चौक पर एक-दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाने का आग्रह किया गया है, ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके ।  लेकिन थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल नगर के प्रधान अटल व्यौहार की बातों को अनसुनी कर रहे हैं तो इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब थाना प्रभारी सरपंच की बात नहीं मान रहे तो आमजनों की कहां तक सुनाई होगी ।
*साप्ताहिक बाजार के दिन बढ़ जाती है परेशानी*
रविवार को उमरियापान में लगने वाला साप्ताहिक बाजार कटनी, जबलपुर जिले की सबसे बड़े बाजारों में शामिल है । इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं ।  बाजार के दिन झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में वाहनों एवं हाथ ठेलों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो जाती है ।
सरपंच अटल व्यौहार ने थाना प्रभारी से यह भी कहा है कि रविवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में फल-फूल सहित अन्य सामग्री के हाथ ठेला लगाने वाले छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि मुख्य मार्ग पर अव्यवस्था न हो और आवागमन सुचारु बना रहे ।
*चालान काटने से छोटे व्यापारियों में निराशा*
हाथ ठेले पर फल-फूल की दुकान लगाने वाले कई छोटे व्यापारियों के पुलिस द्वारा 250 रुपये के चालान काटे जाने की बात सामने आई है ।  व्यापारियों का कहना है कि यदि उन्हें व्यवस्थित स्थान उपलब्ध करा दिया जाए तो वे यातायात में बाधा नहीं बनेंगे ।  चालान की कार्रवाई से छोटे व्यापारियों में निराशा देखी जा रही है।
*भाजपा मंडल अध्यक्ष ने भी की पुलिस तैनाती की मांग*
भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने भी थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल से रविवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है ।  उन्होंने कहा कि बाजार में पूरे क्षेत्र से लोग खरीदारी करने आते हैं, ऐसे में इन प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रहने से यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर दिए गए सुझावों पर अपेक्षित अमल नहीं किया जा रहा है । लोगों का कहना है कि यदि झंडा चौक पर शाम के समय पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं और साप्ताहिक बाजार के दिन यातायात की विशेष व्यवस्था बनाई जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है ।
फिलहाल उमरियापान की यातायात व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है । स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर की यातायात व्यवस्था ‘भगवान भरोसे’ चल रही है और जिम्मेदारों को इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर स्थायी व्यवस्था बनाने की जरूरत है ।

Related Articles

Back to top button