कांग्रेस प्रत्याशी खुद कार्यकर्ताओं के बीच पहुँचकर तेज की चुनावी हलचल, फूंका जीत का मंत्र

भाजपा चौतरफा बिसात बिछाने में जुटी, पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के बीच कर रहे बैठकें
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद शहडोल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने सांसद हिमान्द्री सिंह को दोबारा मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने पुष्पराजगढ़ से लगातार चुनाव जीत रहे विधायक फुन्देलाल सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। दोंनो दल अपने अपने पक्ष में प्रचार के लिए जुट गए हैं। शहडोल लोकसभा क्षेत्र में कटनी जिले की बड़वारा विधानसभा सीट भी आती है। भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकों का दौर शुरू कर चौतरफा बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। जबकि कांग्रेस की बात करें तो यहाँ नेताओं ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संपर्क तो शुरू किया है, इसके साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी फुन्देलाल सिंह खुद विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास पर निकल पड़े हैं। बड़वारा विधान सभा क्षेत्र में इस बार कांग्रेस प्रत्याशी पहले पहुँचे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।जबकि भाजपा प्रत्यासी कार्यकर्ताओं के बीच नहीं पहुँची। कांग्रेस प्रत्याशी ने बड़वारा विधानसभा के हीरापुर कौड़िया, भूला, उमरियापान, दशरमन, सिलौंडी, ढीमरखेड़ा, खमतरा और बड़वारा के अलावा अन्य गांवों में पहुँचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और क्षेत्र में अच्छी मेहनत करने का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर रणनीति बनाकर काम करने की नसीहत दी। इस मौके पर वरिष्ठ नेता शिवकुमार चौरसिया, मौजीलाल पौराणिक, आनंद मिश्रा, सुषमा सिंह ठाकुर, प्रमिला सिंह, रविन्द्र बाजपेयी, सुखदेव चौरसिया, जमुना तिवारी, मनोज चौरसिया, ओमप्रकाश चौरसिया, शैलेंद्र पौराणिक, सिद्धार्थ दीक्षित, विराट पाण्डेय, सत्तू सोनी, अभिषेक दुबे, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।



