मध्य प्रदेश

चक्कर आने से गिरा बाइक सवार, डिवाइडर से टकराया, लोडिंग ऑटो से पहुंचाया हॉस्पिटल

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सोमवार को नगर के सेंट थॉमस कॉन्वेंट के सामने बाइक चालक डिवाइडर से टकराकर बेहोश हो गया। घटना के बाद कुछ युवाओं ने लोडिंग ऑटो में घायल को रखकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहोशी की हालत में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खजुरिया बरामद गढ़ी निवासी 55 वर्षीय चरण सिंह लोधी कृषि उपज मंडी की तरफ से शहर की तरफ आ रहा था। अचानक उसे चक्कर आ गया, जिससे उसकी बाइक डिवाइडर से टकराकर गिर गई। सिर में चोट लगने के कारण चरण सिंह बेहोश हो गया। घटना देख बड़ी संख्या में लोग वहां पर एकत्रित हो गए। घायल को पहचानने के बावजूद भी लोग तमाशाई बने रहे। डॉक्टर रवि शर्मा, यशवंत लोधी सहित अन्य युवाओं ने घायल को उठाकर पहले बाइक से ले जाने का प्रयास किया फिर एक लोडिंग ऑटो में रखकर अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। तब तक उनके समधी रघुवीर सिंह लोधी भी पहुंच गए थे। घायल के परिवार में गांव पर कोई नहीं है दोनों बेटे इंदौर में होने के कारण रिश्तेदार ही उन्हें उपचार के लिए लेकर रायसेन गए। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है।

Related Articles

Back to top button