जर्जर शाला भवन तोड़ते समय छत गिरी, उप सरपंच के पति समेत दो की मौत
विदिशा जिले की भाटनी पंचायत के गांव आदमपुर की घटना
रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । शुक्रवार को आदमपुर गांव का जर्जर प्राथमिक शाला भवन तोड़ते समय छत के नीचे दबकर उप सरपंच के पति समेत तीन लोग दब गए, इनमें से दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उप सरपंच का पुत्र गंभीर है। सूचना मिलते ही तीनों को आनन- फानन में जिला अस्पताल लाया गया। यहां जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी पहुंचे। मृतक के परिजनों को चार-चार लाख राहत राशि दिलाने की घोषणा हुई है।
घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर भाटनी पंचायत के ग्राम आदमपुर की है। यहां करीब 20 साल पुराने प्राथमिक शाला भवन को दो मजदूर तोड़ रहे थे। इसे तोड़ने की अनुमति भाटनी पंचायत ने जिला शिक्षा केंद्र से मई 2023 में चाही थी। इस आवेदन के साथ पंचायत ने भवन के अनुपयोगी और खतरनाक होने का प्रमाणपत्र भी पेश किया था। इस आधार पर डीपीसी ने जून में अनुमति दी थी। इसके बाद करीब तीन-चार दिन से पंचायत द्वारा भवन को तोड़ने का काम कराया जा रहा था। सरपंच के पति भीमसिंह मीणा ने बताया कि पिछले तीन दिन से चार-पांच लोग काम कर रहे थे, लेकिन शुक्रवार को केवल दो ही लोग भवन तोड़ने में लगे थे, इनमें से एक असद खान उपसरपंच अफसरी बी का बेटा था और दूसरा जमील अली उनका पड़ोसी । भवन को तोड़ने का काम चल ही रहा था कि काम देखने और अपने पुत्र असद को बुलाने वहां उपसरपंच के पति आबिद खान पहुंच गए। वे खड़े ही हुए थे कि भवन की छत और दीवार भरभराकर गिर गई, जिसमें वहां काम कर रहे दोनों मजदूरों समेत आबिद खान भी दब गए। यह खबर लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में तीनों को निकालने के प्रयास शुरू हुए, लेकिन आबिद खान और जमील अली को बचाया नहीं जा सका। जबकि आबिद के पुत्र असद खान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकेश टंडन, जनपद अध्यक्ष वीरसिंह रघुवंशी, एसडीएम क्षितिज शर्मा, जनपद पंचायत के सीईओ प्रमोद खरे, पुलिस अधिकारी, भाटनी सरपंच कैलाशबाई के पति भीमसिंह मीणा सहित भाटनी और आदमपुर के अनेक लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां भाजपा नेता टंडन ने मृतक के परिवारों को चार-चार लाख रुपए की राहत राशि दी जाने की सूचना दी। इसके साथ ही जनपद पंचायत सीईओ ने पांच-पांच हजार रुपए अंत्येष्टि राशि तत्काल प्रदान करने की बात कही। गांव के वारिद पठान ने बताया कि आबिद तो काम देखने और अपने लडके को बुलाने गए थे, लेकिन तभी उनके साथ भी यह अनहोनी हो गई। सरपंच पति भीमसिंह मीणा ने बताया कि भवन गिराने की पूर्व अनुमति ले ली गई थी, जेसीबी भी रखी थी, रोज चार- पांच मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन आज दो ही मजदूर काम पर थे। काम पंचायत ही करवा रही थी, लेकिन ये हादसा हो गया।
भाजपा नेता मुकेश टंडन ने बताया कि एक कार्यक्रम में गुलाबगंज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही इस घटना की सूचना मिली तो वापस लौटे। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की राहत राशि दिलाई जा रही है। जनपद अध्यक्ष वीरसिंह रघुवंशी ने भी घटना को दुखद बताते हुए पीड़ितों के परिजनों को ढांढस बंधाया है।



