मध्य प्रदेश

बाल दिवस पर सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण

दुग्ध उत्पादन, पौधों की कलम लगाने और वन संपदा संरक्षण की बारीकियां सीखीं
सिलवानी। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को सेठ अमरचंद समैया शासकीय सांदीपनि विद्यालय, सिलवानी के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शासकीय दुग्ध संकलन केंद्र, शासकीय उद्यान विभाग एवं शासकीय वन विभाग के कार्यालय पहुंचकर विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र ठाकुर के निर्देशन तथा विद्यालय के प्राचार्य एनपी शिल्पी के मार्गदर्शन में किया गया।
दुग्ध संकलन केंद्र में समझी दूध की प्रक्रिया
भ्रमण की शुरुआत शासकीय दुग्ध संकलन केंद्र से हुई। यहां अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दूध एकत्रित करने, उसकी शुद्धता की जांच, फैट मापने तथा दूध को ठंडा कर डेयरी तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने जाना कि किसान से उपभोक्ता तक दूध पहुंचने के बीच किन-किन प्रक्रियाओं से गुजरता है। अधिकारियों ने पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया।
उद्यान विभाग में सीखी पौधों की कलम लगाने की तकनीक
इसके बाद विद्यार्थी शासकीय उद्यान विभाग पहुंचे। यहां अधिकारियों ने धारा उद्यान क्षेत्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए विभिन्न प्रकार के फल, फूल एवं सब्जियों के पौधों के बारे में बताया। विद्यार्थियों को कलम लगाने, बीज बोने और पौधों की देखभाल करने की विधि का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।
वन विभाग में जानी वन संपदा की उपयोगिता
भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने शासकीय वन विभाग के कार्यालय का भ्रमण किया। यहां अधिकारियों ने विभिन्न प्रकार की लकड़ियों, जड़ी-बूटियों एवं वन संपदा से परिचित कराया। साथ ही वन संरक्षण के महत्व और जंगलों को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि वन हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
पूरे शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर जिज्ञासाओं का समाधान किया और व्यावहारिक रूप से नई-नई जानकारियां हासिल कीं।
इस अवसर पर शिक्षक अजय चौरसिया, मनीष भार्गव, मयंक रघुवंशी, गौरव मुखरैया, राहुल कौरव सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है। इससे उनकी जिज्ञासा, समझ और ज्ञान में वृद्धि होने के साथ-साथ सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिलता है।

Related Articles

Back to top button