जिला पंचायत के बाबू को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ लोकायुक्त ने किया गिरफ्तार
रायसेन । जिला पंचायत रायसेन के संविदा कम्प्यूटर आपरेटर आशीष श्रीवास्तव को 20000 को रिश्वत लेते हाथों लोकायुक्त भोपाल की टीम ने गिरफ्तार किया।
आशीष श्रीवास्तव सचिवों के प्रभार संबंधी कार्य को देखते है, उक्त विभाग के परियोजना कार्यक्रम अधिकारी ओपी वर्मा सहित जिला पंचायत का अन्य अमला कार्यालय छोड़कर भागे । ग्राम पंचायत टेहरी मुरपार में सचिव की पदस्थापना के बदले माँगी थी रिश्वत । हरनाम सिंह लोधी पिता गुलाबसिंह लोधी ग्राम टेहरीमुरपार तहसील गैरतगंज जिला रायसेन द्वारा दिनांक 28 दिसम्बर 2022 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय, भोपाल को शिकायत की गई थी। उसकी माँ श्रीमती प्रभा बाई ग्राम पंचायत टेहरीमुरपार की सरपंच हैं और वह सरपंच प्रतिनिधि का कार्य करता है। उसकी ग्राम पंचायत में सचिव की पदस्थापना नहीं होने से ग्राम पंचायत का कार्य प्रभावित होता है। जिस पंचायत में सचिव नहीं होता, वहाँ नियम अनुसार कार्य ग्राम रोजगार सहायक को दिया जा सकता है। इसी सम्बन्ध में पंचायत का कार्यभार ग्राम रोज़गार सहायक मनोज यादव को सचिव का प्रभार दिलाने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, रायसेन के कार्यालय में पदस्थ लिपिक आशीष श्रीवास्तव से मिलने पर उसके द्वारा 20 हज़ार रुपए सचिव का प्रभार दिलाने के एवज में रिश्वत माँग की गई। उक्त शिकायत का सत्यापन के दौरान आशीष श्रीवास्तव द्वारा दिनांक 29 दिसम्बर 2022 को 20 हज़ार रुपए रिश्वत माँगने की पुष्टि होने पर आज दिनांक 30 दिसम्बर 2022 को धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 आशीष श्रीवास्तव पिता ओपी श्रीवास्तव पद डाटा ऑपरेटर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जिला रायसेन को रंगे हाथों पकड़ा गया। कार्यवाही जारी है।
लोकायुक्त अधिकारी ने बताया कि जब हमारे द्वारा आशीष श्रीवास्तव से पूछा गया कि आप किसके कहने पर सरपंच से पैसे ले रहे थे तो श्रीवास्तव ने बताया कि हम हमारे वरिष्ठ अधिकारी जिला पंचायत सीईओ के कहने पर पैसे लिए थे। इस सब की जानकारी हमारे वरिष्ठ अधिकारी को है।
जिला पंचायत के सीईओ पीसी शर्मा ने अपना मोबाइल बंद किया।।




