SBI बैंक के बाहर कार से 1.20 लाख रुपए चोरी करने वाला आरोपी राजगढ़ से गिरफ्तार

सिलवानी पुलिस की विशेष टीम ने थाना बोड़ा क्षेत्र से पकड़ा आरोपी
सिलवानी। नगर के शिवाजी नगर स्थित एसबीआई बैंक के बाहर खड़ी कार से 1 लाख 20 हजार रुपए चोरी करने के मामले में सिलवानी पुलिस ने एक आरोपी को राजगढ़ जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 हजार रुपए जब्त किए हैं। शेष राशि के संबंध में पूछताछ और बरामदगी के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को ग्राम पठाकला निवासी राजकुमार रघुवंशी एसबीआई बैंक सिलवानी में रुपए जमा करने पहुंचे थे। बैंक में रुपए जमा नहीं हो पाने के कारण वह नकदी लेकर अपनी कार से रवाना हो गए। इसी दौरान जब वह फल खरीदने के लिए कार से नीचे उतरे, तभी अज्ञात आरोपियों ने मौका पाकर उनकी कार में रखे 1 लाख 20 हजार रुपए चोरी कर लिए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिलवानी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन अंकित जैसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक एवं एसडीओपी सिलवानी आशुतोष त्यागी के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी राहुल पिता उत्तम सिसोदिया (सासी), उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम गुलखेड़ी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 हजार रुपए जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से शेष राशि की बरामदगी एवं अन्य पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजीत परते, उपनिरीक्षक अभिषेक खरे, आरक्षक अरविंद कुमार, आकाश दुबे एवं सैनिक सियाराम रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।



