मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के अंतर्गत 170 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न

सिलवानी। नगर परिषद सिलवानी के तत्वावधान में बुधवार को वार्ड क्रमांक 15, उदयपुरा रोड पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 170 जोड़ों का विधिवत विवाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, युवा नेता दुर्गेश राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, भाजपा नेता विभोर नायक, विजय शुक्ला, दीपक रघुवंशी सहित अन्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने कहा कि, “भारतीय संस्कृति में विवाह एक पवित्र और महत्वपूर्ण संस्कार है। जब बेटी बड़ी होती है, तो माता-पिता को उसके विवाह की चिंता सताने लगती है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के माध्यम से सरकार ने इस चिंता को दूर कर गरीब अभिभावकों को राहत दी है। अब बेटी का विवाह बोझ नहीं, बल्कि एक वरदान है।”
अतिथियों ने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को ₹49,000 की सहायता राशि दी जाती है, जिससे नवविवाहित दंपती अपनी गृहस्थी की शुरुआत कर सकते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष जैन, सलीम काजी, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, मोनू मतांबर, गुड्डू भाई, लखन मेहरा, बाबू आदिवासी, राजेश कुशवाहा, पप्पू नेमा सहित समस्त विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button