ढाई लाख का 25 किलो गांजा तीन तस्करों से जब्त आरोपियों से दो कार और चार मोबाइल भी जब्त
रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली | शुक्रवार को बरेली पुलिस ने नाकेबंदी कर दो कारों से ढाई लाख रुपए 25 किलो गाजा जब्त किया है। तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनकी दो कारें और चार मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। इनकी कीमत 9 लाख रुपए आंकी गई है।
बरेली थाना प्रभारी आशीष सप्रे को मुखबिर से सूचना मिली कि गोल्डन कलर की होंडा सीटी एवं नीले रंग की शेर्वोले कार में अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए बम्होरी से बरेली की ओर लाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देश पर पुलिस टीम खरगोन ब्रिज के नीचे खड़े होकर उक्त दोनों कारों के आने का इंतजार करने लगी। जैसे ही कार आती दिखाई दी तो घेराबंदी करके होंडा सिटी व शेर्वोले कार को रोका। चेक करने पर होंडा सिटी के चालक संदेश राय पिता राजेश राय निवासी रोहतास नगर पिपलानी भोपाल के कब्जे से एक लाख रुपए मूल्य का 10 किलो गांजा एवं बगल में बैठे राजेश कुशवाह पिता लीलाधर कुशवाह निवासी कुशवाह मोहल्ला देवगांव के कब्जे से 50 हजार रुपए का 5 किलो गांजा जब्त किया गया।
शेर्वोले कार के चालक राजा गौर पिता विष्णुप्रसाद गौर निवासी सईदपुर शोभापुर के कब्जे से एक लाख रुपए का 10 किलो गांजा जब्त किया गया है। इस तरह पुलिस ने ढाई लाख रुपए मूल्य का 25 किलो गांजा तीनों आरोपियों से बरामद किया है।



