थाने में लगाए गए 16 सीसीटीवी कैमरा, इन कैमरों में वीडियो के साथ होगी वॉइस रिकॉर्डिंग
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद,
बेगमगंज । थाना भवन सहित परिसर में 16 हाईटेक क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इन सीसीटीवी कैमरों की यह विशेषता रहेगी कि इनमें वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ साथ वॉइस रिकॉर्डिंग भी होगी।
इन सीसीटीवी कैमरे में वीडियो और वॉइस रिकॉर्डिंग की वजह से अब सारी बात सुनाई देगी। साथ ही पुलिसकर्मियों और फरियादियों की बातचीत का ब्योरा कैमरे में कैद होगा। लॉकअप से इन्वेस्टिगेशन रूम तक चौबीस घंटे रिकॉर्डिंग होगी।
आधुनिक ऑडियो- वीडियो रिकाॅर्डिंग कैमरे न सिर्फ थाने की स्क्रीन बल्कि मोबाइल से भी कनेक्ट रहेंगे। थानेदार के मोबाइल से कैमरों को जोड़ दिया जाएगा। थाने से बाहर रहने पर भी मूवमेंट देखा जा सकेगा।
थानें में पुलिसकर्मी हों या कोई बाहरी व्यक्ति, हर एक गतिविधि पर कैमरे की नजर रहेगी । अब थाने में किसी शख्स की मौजूदगी की गवाही सिर्फ तस्वीरें ही नहीं देंगी, बल्कि जुबान से निकले हर एक शब्द की भी रिकॉर्डिंग उपलब्ध रहेगी । थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में तस्वीरों के साथ बातचीत भी रिकॉर्ड हो जाएगी पुलिस विभाग का यह प्रयोग पारदर्शिता रखने और पुलिसकर्मियों के काम में कसावट लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि थाने के सभी परिसर में अंदर बाहर 16 हाईटैक कैमरे लगाए गए है, जिनमें वीडियो के साथ ऑडियो रिकॉडिंग कैमरा भी लगाया गया है । इन कैमरों से पुलिस थानें की पारदर्शिता भी रहेगी।



