मध्य प्रदेश

दुष्कर्मियों पर सख्त प्रदेश सरकार, मंत्री : बोलीं- चौराहे पर दें फांसी, इनका कोई मानवाधिकार नहीं

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
भोपाल । मध्यप्रदेश की पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने कहा है कि दुष्कर्मियों को बीच सड़क पर सार्वजनिक तौर पर फांसी दी जानी चाहिए, और तो और इनका दाह-संस्कार नहीं किया जाना चाहिए। कौओं और गिद्धों के लिए उनके शवों को छोड़ देना चाहिए। गुरुवार शाम को खंडवा जिले में मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के बाद यह बयान दिया है।
चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। मंत्री ने कहा, ‘राज्य सरकार ने दुष्कर्मियों के लिए सख्त कानून बनाए हैं ताकि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। उन्हें फांसी की सजा दी जाएगी। अब तक राज्य में 72 दुष्कर्मियेां को फांसी दी जा चुकी है।’
इस सप्ताह की शुरुआत में खंडवा के जासवाड़ी एरिया के करीब एक चार साल की मासूम के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और उसे झाड़ियो में फेंक दिया था। बच्ची सोमवार सुबह से अपने घर से लापता थी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजा और फिर गुमशुदगी की रिपोर्ट कराई।
मंत्री ने पीड़ित के परिवार को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह जानकारी मिली की नाबालिग बच्ची अपने घर से लापता थी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखी और सर्च आपरेशन शुरू कर दिया।
आरोपी लड़की के घर के करीब ही ढाबा में काम करता था। खंडवा के पुलिस अधीक्षक, विवेक सिंह ने कहा कि आरोपी ढाबा पर काम करता था। यह लड़की के घर के पास ही था। हमने उसे ढूंढकर निकाल लिया और हिरासत में ले लिया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके को खंगाला और लड़की को बचा लिया। तुरंत पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे इंदौर स्थित बांबे हास्पिटल में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामला भादवि की धारा 376 व पास्को एक्ट के तहत दर्ज कर लिया गया।

Related Articles

Back to top button