धूं-धूं कर जली छात्रों की कार, चार घायल, चलती कार का टायर फटा, पेड़ से टकराई तो लगी आग
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
गुना । शहर से लगे बायपास रोड पर रविवार तड़के मुरैना से भोपाल पेपर देने जा रहे छात्रों से भरी एक कार का अचानक टायर फटने फिर कार पेड़ से टकराने के दौरान कार में भीषण आग लग गई। इस दौरान छात्र किसी तरह कार से बाहर निकले। वहीं कार धूं-धूं कर जल गई। घटना रविवार तड़के 4 बजे के आसपास की बताई जाती है। घायल चार छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। इस दौरान कार चला रहे वीरेंद्र रावत ने सूझबूझ से 3 छात्रों को तुरंत बाहर निकाला। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में राहुल रावत, वीरेंद्र रावत, सीताराम रावत, नीतेश रावत शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे 46 पर रविवार तड़के बायपास से गुजर रही एक कार का टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और उसमें आग लग गई। कार में सवार राहुल रावत, वीरेंद्र रावत, सीताराम रावत, नितेश रावत ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, उनका सामान भी कार के साथ जल गया। चारों युवक सबलगढ़ मुरैना के रहने वाले हैं, जो भोपाल में पीईबी द्वारा आयोजित ग्रुप डी की परीक्षा देने जा रहे थे। इस बारे में नीतेश रावत ने बताया कि वह अपने तीन साथियों राहुल रावत, सीताराम रावत और वीरेंद्र रावत के साथ शनिवार रात कार से भोपाल पेपर देने जा रहे थे। कार वीरेंद्र चला रहा था। शनिवार रविवार की दरमियानी रात लगभग 3.30 बजे उनकी कार गुना बायपास पर पहुंची, तभी एक ढाबे के समीप अचानक पिछला टायर फट गया। इससे उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जा टकराई। इसके साथ ही कार में आग लग गई। ऐसे में चारों युवकों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, एक युवक की हालात गंभीर होने से रेफर किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर चारों युवकों के मोबाइल और दस्तावेज आदि भी कार में ही जल गए। कैंट थाना प्रभारी संजीत मावई ने बताया कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई है, लेकिन कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।



