मध्य प्रदेश

नगर में बारिश आते ही सामने आई सड़कों की सच्चाई सड़क में गड्ढे या गड्ढों की सड़क !

बारिश ने खोल दी पोल, विभागीय स्तर पर तैयारी भी नाकाफी
सिलवानी।
कई साल से पुरानी सड़कों का मेंटेनेंस और पक्की सड़कें बनाने में लगे प्रशासनिक टीमों की हकीकत बारिश के सीजन से पहले सामने आ गई। स्थिति यह है कि जगह-जगह गड्ढे हो गए। जिससे लगता है कि सड़क में गड्ढ़े हैं या गड्ढ़ों की सड़क है।
दरअसल, नगर की सड़कों की स्थिति सालों से यह है लेकिन बारिश में ये सड़कें दिक्कत बनकर सामने आती हैं। न मेंटेनेंस पर ध्यान दिया गया न ही रोड की स्थिति पर। क्वालिटी वाला काम रोड को बनाने के दौरान नहीं करने के कारण ऐसी स्थिति निर्मित होती है। जिससे समूची बारिश के सीजन में लोग परेशान होते रहते हैं और न सिर्फ गड्ढ़े बल्कि कीचड़ का सामना भी उन्हें करना पड़ता है। खास बात यह है कि लोग भले परेशान होते रहें लेकिन संबंधित विभाग इन गड्ढों तक की मरम्मत नहीं कराते न ही इन पर ध्यान देते हैं।
सड़कों पर भरा पानी, नगर के विकास की कहानी बयां कर रहा
नगर की सड़कों पर बने गड्ढे नगर परिषद के विकास के दावों की पोल खोल रहे हैं। बारिश से सड़कों पर पानी जमा हो गया। बारिश का पानी गड्ढ़ों में भर जाने से लोगों को आवागमन में अत्याधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 15 वार्डों में विभाजित नगर की सड़कों पर बडे़-बडे़ गड्ढे हो गए व नालियां क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर बने गड्ढे आवागमन में परेशानी का कारण बन रहे है। टृटी नालियों में से निकल रही गंदगी सड़क पर फैल दलदल में तब्दील हो रही है। हालांकि बीते सालों में विधायक व सांसद निधि सहित प्रदेश सरकार की निकाए निधि से लाखों रूपए की राशि नगर के विकास के लिए स्वीकृत कर निकाए को उपलब्ध कराई। लेकिन बीती नगर परिषद के नुमाइंदों व प्रशासक काल के दौरान राशि का मनमाना उपयोग कर जिम्मेदारों के द्वारा किया। हालांकि बीती पंच वर्षीय नगर परिषद के द्वारा विकास कराए जाने के अनेक दावे किए। लेकिन घटिया निर्माण के चलते कराए निर्माण कार्य अधिक नहीं टिक सके।
संकरी पुलिया डलने से दुकान और मकानों में भरा पानी
फोरलेन सड़क निर्माण कर रही निर्माण एजेंसी की मनमानी को लेकर नगर के नागरिकों के द्वारा लगातार नाराजगी जताई जा रही है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी निर्माण एजेंसी की मनमानी पर अंकुश लगाने में ढुलमुल रवैया अपना रहे है। निर्माण एजेंसी के द्वारा निर्माण के तय मापदंड का उपयोग न किया जाकर घटिया निर्माण कार्य किया जाना बताया जा रहा है। निर्माण एजेंसी द्वारा पुराने बस स्टेण्ड के पुरानी पुलिया को तोड़कर नई आरसीसी पुलिया बनाना थी, इसके विपरीत पुरानी पुलिया से लगकर पाइप डालकर कार्य की इतिश्री कर ली। शुक्रवार की रात्रि 3 बजे तेज बारिश से बुधवारा बाजार, अंबेडकर नगर से लेकर पुलिया तक घुटने घुटने पानी भर गया, दुकानों एवं मकानों में पानी भर गया जिससे कई लोगों का काफी नुकसान हो गया।
दीपक सोनी, मुकेश साहू, प्रियांश राजपूत, राजमल साहू आदि नागरिको का कहना है कि नगर की सड़कों की स्थिति बहुत दयनीय है, जगह-जगह सड़क में गड्ढे है जिससे वाहनों में टृटफूट के साथ कीचड़ उचट रही है।
इस संबंध में सुनील जैन, सीएमओ सिलवानी का कहना है कि नगर की सड़कों पर बजरी डस्ट डलवाई जा रही है और कई वार्डों में डलवाई जा चुकी है, जहां जैसी जरूरत है वहां काम कराया जा रहा है। फोरलेन निर्माण कंपनी के कर्मचारियों से भी चर्चा की गई समस्या का समाधान किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button