मुझे एक करोड़ भी दोगे तो भी अवैध काम करने नहीं दूंगा : विधायक

मेडिकल संचालक ने लगाया एक करोड़ रुपये मांगने का आरोप
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मोटर साइकिल द्वारा रतलाम जिले के सैलाना से भोपाल तक की यात्रा के बाद सुर्खियों में आए भारत आदिवासी पार्टी के सैलाना से विधायक कमलेश्वर डोडियार एक बार फिर सुर्खियों में है। कमलेश्वर डोडियार पर मेडिकल संचालक तपन राय ने एक करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया है। आरोप के बाद डोडियार ने भी एक वीडियो जारी कर कहा कि अवैध काम करने वाले यह लोग पहले भी विधायक को पैसा देते आए है। हर महीने के हिसाब से पैसा देकर यह काम करते रहते है। ऐसे काम करके यह लोग बहुत मुनाफा कमाते है और इससे क्षेत्र के लोगो को नुकसान होता है। जिसने आरोप लगाया है, वह डॉक्टर नहीं है, इसके लिए डिग्री की आवश्यकता होती है। डोडियार ने कहा कि यह (मेडिकल स्टोर संचालक) 4 दिन पहले मेरे पास 20 लाख रुपए लेकर आया था और काम करते रहने के लिए निवेदन कर रहा था। मैंने उससे कहा मुझे एक करोड़ भी दोगे तो भी मैं क्षेत्र में अवैध काम करने नहीं दूंगा।
एक करोड़ का लगाया आरोप मामले में मेडिकल संचालक ने वीडियो जारी कर विधायक पर परेशान करने और 1 करोड़ मांगने के आरोप लगाए हैं। एक वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि विधायक डोडियार ने उन्हें 19 तारीख को उनके बंगले पर बुलाया था। वह अपने अंकल को भी साथ लेकर गए थे। परतु उन्होंने वहां पर उनको बाहर खड़ा करवा दिया मेरी तलाशी लेकर मोबाइल आदि बाहर रखवा दिए थे। इसके पश्चात मेरी डिग्री और मेडिकल स्टोर आदि के बारे में बातचीत की। बता दे कि विधायक कमलेश्वर डोडियार शुक्रवार को बाजना में एक डॉक्टर के यहां पहुंचे और कार्रवाई के लिए अधिकारियों को बुलाया। विधायक का कहना है कि वहां इसलिए गए थे क्योंकि वहां पर अवैध काम होते हैं। बिना किसी डिग्री के डॉक्टर इलाज कर रहा था। उसके पास कोई भी डिग्री नहीं है। ऐसे गलत काम करने वालों को मेरे क्षेत्र में नहीं रहने दूंगा।



