पैर फिसलने से नदी के बहाव में बहे बुजुर्ग की मौत

सिलवानी। तहसील मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बेरखेड़ी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें चैन सिंह यादव उम्र 75 वर्ष पिता भैयालाल यादव की नदी पार करते समय तेज बहाव में बह जाने से मृत्यु हो गई। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। चैन सिंह यादव अपने खेत जाने के लिए बेरखेड़ी गांव के पास स्थित नदी को पार कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर नदी में फिसल गया और वे तेज बहाव में बहते हुए झाडियों में फंस गए। ग्रामवासियों के अनुसार जब देर रात तक चैन सिंह घर नहीं पहुंचे तो उन्हें तलाशना शुरु किया गया। लगभग रात 10 बजे वे ग्राम बेरखेड़ी के पास ही नदी में अचेत अवस्था में मिले। तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में सिलवानी टीआई पूनम सविता ने बताया कि जांच शुरु कर दी गई है। प्रारंभिक विवेचना में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक की मौत पैर फिसलने और तेज बहाव में बहने के कारण हुई है।



