बिरसा मुंडा जयंती पर 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह,

भाजपा ने बताई कार्यक्रमों की रूपरेखा
रायसेन। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी सिलसिले में शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय रायसेन में जिला प्रभारी सुश्री राजो मालवीय एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने सप्ताह भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस दौरान जिला महामंत्री दीपेंद्र पाल एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश उईके सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सुश्री राजो मालवीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है।
सांस्कृतिक यात्राएं और रैलियां होंगी आयोजित
उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत प्रदेशभर में जिला स्तरीय कार्यक्रम, 2 से 3 किलोमीटर लंबी सांस्कृतिक यात्राएं और विशाल रैलियां आयोजित की जाएंगी। 15 नवंबर को राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।
जनजातीय नायकों के नाम पर होंगे नामकरण
प्रदेश के प्रमुख शहरों में भवनों, सड़कों और चौराहों का नामकरण जनजातीय समाज के महानायकों के नाम पर किया जाएगा। साथ ही जनजातीय युवाओं एवं विद्यार्थियों से संवाद के लिए छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
गांवों में लगेंगी जनजातीय गौरव चौपाल
18 से 20 नवंबर तक पूर्व एवं वर्तमान सांसद, विधायक और भाजपा पदाधिकारी जनजातीय बहुल क्षेत्रों में पहुंचकर जनजातीय गौरव चौपाल के माध्यम से समाज के लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। भाजपा जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के सम्मान के साथ समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।



