प्रदेश के साथ सिलवानी विधानसभा में भी चहुॅमुखी विकास हो रहा है- रामपालसिंह
विधायक रामपालसिंह ने लगभग तीन करोड़ 50 लाख रू के कार्यो का किया भूमिपूजन और लोकार्पण
सिलवानी विधायक ने देवकानी से शुरू की विकास यात्रा
सिलवानी । सिलवानी विधानसभा के ग्राम पंचायत आमापानी के ग्राम देवकानी में विधायक रामपाल सिंह द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर विकास यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। गुरूवार को विकास यात्रा ग्राम देवकानी से प्रारंभ होकर तिनघरा, हतनापुर, सहित अन्य ग्रामों में पहुंची। इस दौरान विधायक द्वारा लगभग तीन करोड़ रू से अधिक राशि के विकास कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया।
विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चारों ओर विकास की गंगा बह रही है। चाहे गॉव हो या नगर हर जगह विकास के काम तेजी से किए जा रहे हैं। सिलवानी विधानसभा क्षेत्र भी विकास के मामले में पीछे नहीं है। गॉव-गॉव में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। नागरिकों को बेहतर और समुचित इलाज मिले, इसके लिए स्वास्थ्य केन्द्र खुलवाएं जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। एक रूपए प्रति किलो के मान से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
विधायक सिंह ने महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में बहन-बेटियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति अच्छी हो, उनका मान-सम्मान बढ़े इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अनेकों योजनाएं शुरू की गई हैं। पहले बेटियों को बोझ समझा जाता था। लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू होने के बाद अब स्थिति में काफी बदलाव आया है। समाज में बेटे और बेटियों के बीच भेद खत्म हो रहा है। प्रदेश सरकार की योजनाओं ने बेटियों के लिए शिक्षा और उज्जवल भविष्य के द्वार खोले हैं। आज प्रदेश में बेटियाँ पैदा होते ही लखपति बन रही हैं।
विधायक रामपालसिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा बहनों का सम्मान बढ़ाने के लिये अब लाड़ली बहना योजना शुरू की जा रही है। इस योजना में गरीब और निम्न मध्यम वर्ग की महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार प्रदेश सरकार द्वारा जमा किए जाएंगे। इस प्रकार हर साल महिलाओं के खाते में 12 हजार रू जमा होंगे। लाड़ली बहना योजना के फार्म पांच मार्च से भरना शुरू हो जाएंगे। इसी प्रकार प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के कारण आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब माता-पिता को बेटी की शादी की चिंता से मुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री चौहान की सरकार गरीब बेटियों की शादी भी करा रही है। सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए ऐसी अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रामपालसिंह ने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने और किसानों की आमदानी बढ़ाने के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही हैं। प्रदेश में सिंचाई के रकबे में रिकार्ड वृद्धि हुई है तथा पर्याप्त बिजली भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हर साल किसानों को 06 हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत हर साल 04 हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। इस प्रकार किसानों के बैंक खाते में हर साल 10 हजार रू जमा किए जा रहे हैं। उन्होंने केन्द्र और प्रदेश सरकार की अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं का भी उल्लेख किया।
तीन करोड़ रूपए से अधिक राशि के कार्यो का किया भूमिपूजन तथा लोकार्पण
विधायक रामपालसिंह द्वारा ग्राम पंचायत आमापानी के ग्राम देवकानी में आयोजित विकास यात्रा कार्यक्रम में विधायक रामपालसिंह द्वारा ग्राम पंचायत डाबरी में राशि 33.59 लाख रू, ग्राम सुल्तानपुर में राशि 58.90 लाख रू, ग्राम खमरिया खुर्द में राशि 51.55 लाख रू, ग्राम आमापानी खुर्द में 33.61 लाख रू, ग्राम सियरमऊ में राशि 156.26 लाख रू लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। ग्राम पंचायत तिनघरा में भी 12.85 लाख की लागत से निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही महिला स्वसहायता समूहों की बहनों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
सिलवानी जनपद पंचायत अध्यक्ष ठा. तरवर सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष दीपक रघुवंशी, विधायक प्रतिनिधि विभोर नायक सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।




