बड़ी माई मंदिर में भगवान भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा, हवन पूजन के बाद हुआ भंडारा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मचखंडा मोहल्ला स्थित बड़ी माई मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधि- विधानपूर्वक संपन्न हुआ । आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही । वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर प्राण-प्रतिष्ठा पूरी की गई ।
प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक, पूजन-अर्चन एवं आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की । धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा । बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया ।
प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के उपरांत मंदिर परिसर में विधिवत हवन का आयोजन किया गया । हवन में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित की । हवन-पूजन के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण की ।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा । आयोजन में मोहल्लेवासियों एवं आसपास के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और भगवान भोलेनाथ की प्राण-प्रतिष्ठा को श्रद्धा एवं आस्था के साथ संपन्न कराया ।



